कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया की जीत हुई तय, औपचारिक घोषणा कुछ देर में

मध्यप्रदेश के झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के भानू भूरिया को करीब 27 हजार से अधिक वोटों से हराया। झाबुआ के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 26 राउंड में मतगणना हुई। पहले दो राउंड में मतगणना के दौरान निर्वाचन अधिकारी द्वारा बार-बार गलत जानकारी दिए जाने के बाद प्रत्याशी परेशान हो गए थे। इसके बाद प्रत्याशी के समर्थक और मीडियाकर्मी इस मामले में कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे। दो राउंड में पहले भाजपा उम्मीदवार को आगे बताया गया फिर कांग्रेस उम्मीदवार को आगे बताया गया। इस चुनाव के परिणाम आने के बाद 11वें विधायक को आज ही चुनाव जीतने का प्रमाण पत्र मिल जाएगा। कांग्रेस ने यहां लोकसभा चुनाव हार चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया पर दाव लगाया वहीं भाजपा ने नए चेहरे भानू भूरिया को इस बार मैदान में उतारा था।

3:40 PM : आखिरी 26वें राउंड की काउंटिंग में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 95741 वोट मिले और भाजपा के भानू भूरिया को 67984 वोट मिले। इस राउंड में 27,757 मतों से भूरिया आगे रहे और उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की

3:30 PM – मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झाबुआ की जीत पर जनता को दिया धन्यवाद जताया आभार कहा मध्य प्रदेश की सरकार पर लोगों को भरोसा है। मध्यप्रदेश में हम चरणबद्ध तरीके से किसानों की कर्ज माफी कर रहे हैं। झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भुरिया को बहुत-बहुत बधाई। क्षेत्र के मतदाताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार। क्षेत्र की जनता ने भाजपा के झूठ,फरेब,जुमलों को नकारकर कांग्रेस की रीति-नीतियो व कांग्रेस सरकार के जनहित के कार्यों पर मुहर लगायी है। यह झाबुआ की जनता की ओर से दिया गया दीपावली का तोहफ़ा है। चुनाव में जनता से किये सभी वादों को पूरा कर हम झाबुआ की तस्वीर बदलेंगे, यह हमारा संकल्प है। इस जीत ने हमें और मज़बूती प्रदान की है। जनता के विश्वास पर खरे उतरकर हम और ताक़त से प्रदेश में विकास की गंगा बहाएंगे। जनता से किये एक-एक वादे को पूरा करना हमारा वचन है, उसे हम हर हाल में निभाएंगे।

3:20 PM – 23वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 86671 वोट मिले और भाजपा के भानू भूरिया को 63206 वोट मिले। कांतिलाल इस राउंड में 23,465 वोटों से आगे रहे। 24वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 89945 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी को 64714 मत मिले। इस राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी 25,231 वोटों से आगे रहे। 25वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 93587 वोट मिले तो भाजपा के भानू भूरिया को 67053 वोट मिले, इस राउंड में कांतिलाल 26,534 वोटों से आगे रहे।

2:55 PM : 22वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया 22110 मतों से आगे रहे। इस राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को 82835 वोट मिले वहीं भाजपा प्रत्याशी भानू भूरिया को 60725 मत प्राप्त हुए। इस बीच भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव अधिकारियों से रिकाउंटिंग की मांग भी की।

2:04 PM – 19 वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया केा 72,051 वोट मिले, भाजपा के भानू भूरिया को 53,420 वोट प्राप्त हुए। इस राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी 18,631 मतों से आगे रहे। 20वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 75482 मत प्राप्त हुए वहीं भानू भूरिया को 55242 वोट मिले। इस चरण में कांतिलाल 20,240 वोट से आगे रहे। 21वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 79340 वोट मिले और भाजपा उम्मीदवार को 58461 वोट मिले, इसमें कांतिलाल 20,879 वोट से आगे रहे। झाबुआ में मिलती बढ़त के बाद भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस नेताओं ने जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।

1:20 PM – झाबुआ उपचुनाव में मतगणना के 18वें राउंड में कांतिलाल भूरिया 17165 वोटों से आगे चल रहे हैं। इस बीच किसी भी राउंड में भाजपा के भानू भूरिया एक बार भी उनसे आगे नहीं हुए। झाबुआ में आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल, विधायक मनोज चावला और आलीराजपुर जिलाअध्यक्ष महेश पटेल ने जमकर जश्न मनाया।

12:40 AM – 15वें राउंड में कांतिलाल भूरिया 14990 वोटों से आगे रहे, इसके बाद 16वें राउंड में 15873 वोटों से आगे रहे। भूरिया भी अपनी जीत पक्की मान रहे हैं। भाजपा की ओर से कोई नजर नहीं आ रहा है।

12:19 AM – झाबुआ उपचुनाव मतगणना के 14वें राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया से 14599 वोटों से आगे रहे। इस राउंड में कांतिलाल को 2052 को लीड मिली। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ता जा रहा है। कांतिलाल भूरिया जहां जा रहे हैं वहां उनका स्वागत शुरू हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभी से पटाखे फोड़कर दीपावली मनाना शुरू कर दिया है।

11:46 AM – कांग्रेस उम्मीदवार भूरिया ने 11वें राउंड में 8920 वोटों की बढ़त बना ली। इसके बाद बाद 12वें राउंड में यह बढ़त 10650 वोटों की हो गई। भोपाल में जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि झाबुआ उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया की जीत होगी, जनता का विश्वाश सीएम कमलनाथ के ऊपर है लोकसभा के चुनाव में झाबुआ की इस सीट पर कांग्रेस ने 8 हजार की लीड ली थी, सीएम कमलनाथ खुद बार-बार कहते है कांग्रेस पर जनता का विश्वास है।

11:02 AM – झाबुआ उपचुनाव की मतगणना में 10वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने 8 हजार से ज्यादा वोटों की बड़ी बढ़त बना ली। इसी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया। वो अभी से कांतिलाल भूरिया की जीत तय मान रहे हैं।

10:54 AM – सातवें राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार को 27603 वोट मिले और भाजपा उम्मीदवार को 23552 वोट मिले। इसमें कांतिलाल भूरिया 4051 वोटों से आगे रहे। आठवें राउंड में भी कांग्रेस उम्मीदवार 4627 वोट से आगे रहे इसके बाद हुए 9वें राउंड में यह बढ़त और ज्यादा होकर 7277 वोट पर पहुंच गई।

10:38 AM – कांतिलाल भूरिया ने कहा कि झाबुआ के मतदाताओं ने मुझ पर भरोसा जताया है और मैं इसे पूरा करूंगा। भूरिया ने यह भी कहा कि इन परिणामों ने भाजपा का झूठ बेनकाब कर दिया है। लगातार मिल रही बढ़त से वो खुद को जीता हुआ मान रहे हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस ही चुनाव जीतेगी।

10:18 AM – पांचवे राउंड के समाप्त होने पर कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 20141 वोट मिले, वहीं भाजपा के भानू भूरिया को 16890 वोट मिले। इस तरह कांतिलाल भूरिया 3251 वोटों से आगे रहे। छठवें राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार 4755 वोटों से आगे रहे। इस राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार को 24406 वोट मिले और भाजपा उम्मीदवार को 19651 वोट मिले। इस राउंड की काउंटिंग में भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले कल्याणपुरा क्षेत्र के वोटों की गिनती हुई, जहां 2018 के चुनाव में भाजपा छठवें राउंड में 9581 वोटों से आगे थी और अब कांग्रेस आगे है।

9:58 AM – चौथे राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया भाजपा के भानू भूरिया से 2002 वोटों से आगे हो गए। कांतिलाल को इस राउंड में 16523 वोट मिले वहीं भाजपा के भानू भुरिया को 14521 वोट मिले। इस प्रकार कांतिलाल भूरिया अभी भी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

9:44 AM – तीसरे राउंड की गणना के बाद कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया भाजपा के भानू भूरिया से 1284 मतों से आगे रहे। कांग्रेस उम्मीदवार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। अभी 26 राउंड में से केवल तीन की गणना हुई है।

9:27 AM  दूसरे राउंड की गणना में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया 474 वोटों से आगे बताए जा रहे हैं। इसके पहले इसी राउंड में भाजपा के भानू भूरिया को आगे बताया गया था। पहले कहा गया था कि भाजपा उम्मीदवार को इस राउंड में 8008 मत प्राप्त हुए और कांग्रेस उम्मीदवार को 4882 मत प्राप्त हुए। फिर बाद में कांतिलाल भूरिया को आगे बताया गया, इसके बाद प्रत्याशियों के समर्थक और मीडियाकर्मी कलेक्टर से मिलने पहुंचे। दूसरे राउंड की अधिकारिक घोषणा के बाद कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 8,482 मत मिले, भाजपा के भानू भूरिया को 8,008 मत प्राप्त हुए।

9:01 AM  झाबुआ उपचुनाव में पहले राउंड की गणना में कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया को 3962 वोट मिले और भाजपा के भानू भूरिया को 3891 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार 71 वोटो से आगे रहे। इसके पहले डाक मतों की गणना में भी कांग्रेस उम्मीदवार आगे थे।

8:30 AM – झाबुआ उपचुनाव में डाक मत पत्रों की गणना के दौरान कांग्रेस के प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया आगे चल रहे हैं। 500 डाक मतों की गणना में यह सिर्फ शुरुआती रुझा रहा है। इसके बाद ईवीएम की गिनती शुरू होना है। जिसके 26 राउंड की गणना में पता चलेगा कि कौन विधायक बनेगा।

26 राउंड में मतगणना

शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में झाबुआ उपचुनाव की मतगणना की बाकायदा वीडियोग्राफी भी की गई। मतगणना हॉल में कार्यालयीन रिकॉर्डिंग के अलावा पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार का कैमरा या वीडियोग्राफी वर्जित रहा। मतगणना के लिए 14 टेबलें लगाई गई थीं। मतगणना में हर राउंड के बाद टेबुलेशन सीट तैयार की जाती रही, जो उम्मीदवार को दी जा रही थी। मतगणना का काम 26 राउंड में पूरा हुआ।

मतगणना केंद्र पर ही पता चला किसको कहां करनी है गणना

मतगणना प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने की निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मतगणना के लिए नियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों को मतगणना स्थल पहुंचने पर ही यह बताया गया कि उन्हें विधानसभा क्षेत्र झाबुआ की किस टेबल पर मतों की गणना करनी है।