विदिशा में कॉलेज की लड़कियों ने मुख्यमंत्री का रास्ता रोका, स्कॉलरशिप मांगी

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 से पूर्व समीक्षा, समर्थन, विरोध और समस्याओं के निराकरण एवं मांग इत्यादि का दौर चल रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा में ओला पीड़ित किसानों की हालत जानने गए थे। इसी दौरान कॉलेज स्टूडेंट्स ने उनका रास्ता रोक लिया।

माचार मिला है कि SATI विदिशा के छात्राओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रास्ता रोक लिया। लड़कियां सड़क पर बैठी हुई थी। उन्हें देखकर मुख्यमंत्री का काफिला रुक गया। तत्काल सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी हथियार लेकर लड़कियों की तरफ बढ़े और उन्हें रास्ता खाली करने के लिए कहा। इसी दौरान कॉलेज के प्रोफेसर और अन्य अधिकारी भी आ गए। केवल 1 महिला पुलिस कर्मचारी थी। इस घटनाक्रम की वीडियो बना रही छात्रा को भी रोकने का प्रयास किया गया लेकिन लड़कियां भयभीत नहीं हुई। अंत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनसे मिलने के लिए आए। कॉलेज की छात्राओं की बातों को ध्यान से सुना और निराकरण का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनकारी कॉलेज छात्राओं का कहना था कि उन्हें ₹65000 स्कॉलरशिप मिला करती थी जिसे सरकार ने घटाकर ₹28000 कर दिया। लड़कियों की स्कॉलरशिप के ₹37000 निकालकर यदि उनकी मां को ₹12000 लाडली बहना योजना के तहत दिए जा रहे हैं, तो इस योजना से उन्हें ₹25000 साल का घाटा हो रहा है। छात्राओं का कहना है कि उनकी स्कॉलरशिप का पैसा काट कर दूसरी योजनाओं में खर्च करना अच्छी बात नहीं है। महंगाई के साथ ही स्कॉलरशिप की राशि बढ़नी चाहिए।