प्रदेश मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिया बड़ा बयान- “10 साल तक रहेंगे हम”

झाबुआ। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि हम एक दो साल नहीं पूरे दस साल सरकार चलाएंगे। उन्होंने शिवराज सरकार को घोषणा वाली सरकार बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज भी कसे। उन्होंने कहा कि घोषणाओं से नहीं चलती सरकार।

मुख्यमंत्री कमलनाथ झाबुआ में मंगलवार को जनता का आभार जताने पंचायती राज सम्मेलन में पहुंचे थे। इस मौके पर गृहमंत्री बाला बच्चन, कृषि मंत्री सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, विजयलक्ष्मी साधौ, झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया समेत अनेक नेता मौजूद थे। उन्होंने कहा कि हमारे सामने कई बड़ी-बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के 15 सालों में कुछ नहीं हुआ। हमने किसानों से किया वादा पूरा किया। किसानों के कर्ज माफी की शुरुआत में ही 21 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। उन्होंने झाबुआ की जनता की तरफ इशारा करते हुए कहा कि झाबुआ में भी सभी किसानों का कर्ज माफ हो गया है।

दस साल करेंगे राज
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पिछली सरकार के 15 सालों में कोई काम नहीं हुए। हमारी सरकार के आते ही हमने किए कई वायदे पूरे कर दिए। उन्होंने कहा कि हमारा और आपका संबंध आज के लिए नहीं है। यह आगे भी रहेगा। उन्होंने संकेतों में कहा कि हम 10 साल और काम करेंगे। इतने में कई लोग नारे लगाने लगे कि 25 साल तक रहेंगे।

भुजरिया के ब्रोशर का लोकार्पण
इस मौके पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भुजरिया पर्व के ब्रोशर का भी विमोचन किया। उन्होंने हितग्राहियों को वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत वन पट्टे वितरित किए गए।

और क्या बोले कमलनाथ
-मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद जनता का धन्यवाद दिया।
-झाबुआ जिले में 4 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य किए जाएंगे।
-छिंदवाड़ा में टेबल टेनिस इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा।
-जब-जब आप झाबुआ बुलाएंगे मैं आउंगा। उन्होंने कहा कि मैं आपकी सेवा के लिए हूं, रात में भी जरूरत पड़ेगी तो जरूर मिलूंगा।

भाजपा पर कसा तंज
-अपने 15 साल का हिसाब तो दे दो।
-हमारे साढ़े 9 माह की आलोचना मत कीजिएगा।
-मैं घोषणा नहीं करूंगा।
-जो होगा वो आपके सामने होगा। मैं अभी सभी बातें स्वीकार कर सकता हूं, मैं घोषणा की राजनीति में विश्वास नहीं रखता हूं।
-कमलनाथ की घोषणा से कुछ नहीं होने वाला, घोषणाएं पब्लिक की तरफ से होना चाहिए कि हमारा यह काम हो गया है।
-हमारे नौजवानों की चुनौती है। आजका नौजवान काम चाहता है।