मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, उच्चस्तरीय जांच के आदेश

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में कुछ छात्राओं के आपत्तिजक वीडियो बनाने की अफवाह के बाद की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।रविवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि “बेटियां हमारी शान, मर्यादा और गौरव हैं और ऐसी कोई भी घटना निंदनीय है। मान ने कहा कि वह घटना को लेकर दुखी हैं और उन्होंने जिला प्रशासन से घटना की गहन जांच करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस जघन्य अपराध में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं और पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मान ने लोगों से असामाजिक तत्वों की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि मोहाली में निजी विश्वविद्यालय के छात्रों ने कई छात्राओं के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बनाने “अफवाहों” के विरोध में प्रदर्शन किया। लुधियाना-चंडीगढ़ रोड स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कैंपस में आधी रात को विरोध प्रदर्शन हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।