BJP सांसद का शर्मनाक बयान, पुलवामा आतंकी हमले में जवानों की शहादत का किया अपमान

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े सूबे उत्तरप्रदेश के रामपुर से भाजपा सांसद नेपाल सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की शहादत पर शर्मनाक बयान देकर शहादत का अपमान किया है। सासंद नेपाल सिंह ने कहा है कि सेना के जवान हैं तो जान जाएगी ही।

सांसद नेपाल सिंह को शायद शाहदत की कद्र ही नहीं, यही वजह कि वो देश के लिए जान की बाजी लगाने वाले जवानों पर ऐसा बेतुका बयान दे रहे हैं। इससे भी शर्मनाक बात ये है कि बीजेपी सांसद नेपाल सिंह को सरहद को गोलियों और गांव के झगड़े में कोई फर्क नज़र नहीं आता।

नेपाल सिंह ने कहा है, ये तो रोज मरेंगे आर्मी में, कोई ऐसा देश है जहां आर्मी का आदमी न मरता हो झगड़े में? गांव में भी झगड़ा होता है, लट्ठबाजी होती है तो एक न एक तो घायल होगा ही। उन्होंने आगे खुद कुछ ऐसा सवाल किया, जो हैरान करने वाला था। अच्छा हमें कोई डिवाइस बताओ, जिससे आदमी न मरे। ऐसी चीज बताओ कि गोली काम न करे, उसे करवा दें।