बीजेपी को बड़ी सभाओं की अनुमति, कांग्रेस पर मुक़दमे क्यों, FIR के विरोध में सात दिन की भूख हड़ताल

दतिया। ग्वालियर के दतिया में बीते दिनों आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश रैली के बाद पार्टी नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। इन मुकदमों का विरोध करते हुए कांग्रेस नेताओं ने 1 सितंबर से 7 सितंबर तक भूख हड़ताल की घोषणा की है। 

दतिया कांग्रेस कार्यालय पर सेवढा विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व मंत्री महेंद्र बौद्ध, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, जिलाअध्यक्ष नाहर सिंह यादव ने प्रेस से चर्चा की। विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। जब भाजपा सदस्य बनाने के लिए बड़ी सभाएं कर सकती हैं तो कांग्रेस पार्टी क्यों नहीं कर सकती है? कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मामलों को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता 1से 7 सितंबर तक भूख हड़ताल करेंगे। 8 सितंबर को कांगेस नेता मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।विधायक घनश्याम सिंह ने कलेक्टर पर बीजेपी के दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कलेक्टर और एसपी को हटाने  की मांग करेगी।

दतिया में शुक्रवार 28 अगस्त को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पूर्व मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री राजेन्द्र भारती आदि की उपस्थिती में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों की तादाद में लोग उपस्थित हुए थे। आयोजन के बाद दतिया के स्थानीय भाजपा नेताओं ने शिकायत की थी। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व मंत्री महेंद्र बौद्ध, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सेवढा विधायक घनश्याम सिंह और कांग्रेस जिलाअध्यक्ष सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर धारा 144 के उल्लंघन की एफआईआर दर्ज की गयी।