भाजपा को प्रज्ञा से खौफ, पार्टी ने झाबुआ उपचुनाव से साध्वी प्रज्ञा को रखा दूर

भोपाल: हमेशा अपने विवादित बयानों से सुर्ख़ियों में रहने वाली भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को भाजपा ने झाबुआ उपचुनाव से दूर रखा है। जानकारी के अनुसार भाजपा के द्वारा जारी की गई 40 लोगों की स्टार प्रचारकों की सूची में साध्वी प्रज्ञा का नाम शामिल नहीं किया गया है। शायद यह उनको बयानों को देखते हुए किया गया पूर्व में लोकसभा चुनाव के दौरान उनके द्वारा कई ऐसे बयान दिए गए थे जिनसे चुनाव का माहौल बिगड़ सकता था। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस बार भाजपा कोई मौका नहीं देना चाहती है इसलिए इस लिस्ट से साध्वी प्रज्ञा को दूर रखा गया है।

भाजपा द्वारा जारी स्टार प्रचारकों में जिनका नाम शामिल किया गया है उनमे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गहलोत, प्रहलाद पटेल एवं मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर शामिल हैं।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर जब पूछा गया की क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पार्टी अध्यक्ष अमित शाह इस आदिवासी बहुल झाबुआ सीट पर प्रचार नहीं करेंगे, तो इस पर उन्होंने कहा कि यह अंतिम सूची है और वह दोनों इस उपचुनाव में प्रचार करने नहीं आएंगे। पाराशर ने कहा कि केवल प्रज्ञा ही नहीं बल्कि प्रदेश के कई अन्य सांसदों के नाम भी इसमें नहीं हैं। इसके अलावा, प्रज्ञा की तबियत भी ठीक नहीं है। ऐसा माना जा रहा है साध्वी प्रज्ञा के विवादित बयानों के कारण ही उन्हें इस सूची में नहीं रखा गया है।