आगरमालवा: फसल का कम दाम मिलने से किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया जाम

आगरमालवा। फसल का उचित दाम नही मिलने तथा भाव कम मिलने और व्यापारियों द्वारा एक जैसा भाव बताने से नाराज किसानों ने सोमवार को आगरमालवा स्थित कृषि उपज मंडी में हंगामा किया और फिर छावनी नाका चौराहे पर पहुंचकर उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-552जी पर चक्काजाम लगा दिया। चक्काजाम लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों और वाहनों की बड़ी-बड़ी कतारे लग गई। स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को परेशानी से बचाने के लिये वाहनों के आने-जाने का मार्ग बदला गया।

मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार संजीव सक्सेना, मंडी सचिव सोनगरा व पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा किसानों को समझाईश दी। तहसीलदार संजीव सक्सेना ने बताया कि किसानों की मांग थी कि नीलामी कार्य में लापरवाही हो रही है जिस पर मंडी प्रशासन ने नीलामी कार्य में सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल अटेडिया को हटा दिया तथा उपज के सही दाम के लिये अब किसान प्रतिनिधि मंडल, व्यापारी और मंडी प्रशासन के बीच अपनी बात रखेगें। किसानों ने व्यापारियों और मंडी कर्मचारियों पर मिलीभगत कर फसल का दाम कर करने का आरोप भी लगाया।