केरल में राहुल बोले- भाजपा देश में एक इतिहास और एक भाषा थोपना चाहती है, हम आपके इतिहास की रक्षा कर रहे

कोविड के समय लाखों लोग अस्पतालों में मर रहे थे

कन्नूर – राहुल गांधी ने केरल के कन्नूर में कहा कि कांग्रेस और UDF देश की विविधता को स्वीकार करते हैं। हम विभिन्न भाषाओं, अनगिनत परंपराओं, अलग-अलग इतिहासों और सबकी अलग-अलग अभिव्यक्तियों को स्वीकार करते हैं। भाजपा देश में एक इतिहास, एक राष्ट्र और एक भाषा को थोपना चाहती है। उदाहरण के लिए, अगर आप केरल से मलयालम को हटा दें, तो एक मां अपने बच्चे को इस महान भूमि का इतिहास कैसे समझाएगी? हम इसी की रक्षा कर रहे हैं।
कन्नूर की रैली में राहुल ने कहा कि- कोविड के समय लाखों लोग अस्पतालों में मर रहे थे। ऑक्सीजन नहीं थी, वेंटिलेटर नहीं थे। प्रधानमंत्री कह रहे थे कि थाली बजाओ। अब भी लोग मर रहे हैं। मैं मणिपुर गया और दोनों समुदायों (कुकी और मैतेई) से मिला। वे एक दूसरे से बात नहीं कर रहे। वहां सरकार कह रही है कि हमने नियंत्रण खो दिया है। हमें नहीं पता क्या करना है।प्रधानमंत्री देश के एक राज्य (त्रिपुरा) का एक दौरा तक नहीं करते। क्या वे वहां जाकर लोगों से बात नहीं कर सकते थे?