दिग्विजय बोले- देश में लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है

जहां से पार्टी कहेगी वहां से चुनाव लडूंगा

भोपाल – मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। पूर्व सीएम ने कहा कि देश में लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है। देश में अघोषित आपातकाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अकाउंट फ्रीज किए गए ताकि कांग्रेस चुनाव न लड़ पाए। कांग्रेस पंपलेट न छाप पाए। कांग्रेस के प्रत्याशियों को पैसा ना दे पाए। पूर्व सीएम ने कहा कि अन्य किसी पार्टी को इनकम टैक्स नहीं देना है। सिर्फ कांग्रेस पार्टी से इनकम टैक्स लेने का प्रावधान हुआ है। पूर्व सीएम ने इलेक्टोरल बांड को लेकर भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी की गारंटी हफ्ता वसूली है। चंदा दो धंधा लो। कोविड में नकली दवाई बनाने वालों से भी चंदा लेकर उन्हें छोड़ा गया।

जहां से कहेंगे चुनाव लड़ने को तैयार

राजगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर पूछे सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि अभी लिस्ट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का आदर्श कार्यकर्ता हूं। पार्टी देश में जहां से कहेंगी, वहां से चुनाव लड़ूगा।

भय और लालच दोनों के कांग्रेस नेता छोड़ रहे पार्टी

कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि भय और लालच दोनों के मिश्रण के कारण भाजपा में जा रहे हैं। जिनको पार्टी ने सब कुछ मिला वह पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।

ईवीएम से छेड़छाड़ करने वाले जल्द पकड़े जाएंगे

ईवीएम को लेकर पूछे सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मशीन में छेड़छाड़ करने वाले पकड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम इसके काफी करीब पहुंच गए हें। जिस दिन हम पहुंच जाएंगे। उसी दिन देशद्रोह के आरोप में उनको फांसी दी जाएगी।

केजरीवाल का कसूर इंडिया गठबंधन के पार्टनर

ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इतिहास में पहली बार हुआ कि दो सीटिंग चीफ मिनिस्टर को जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन पर दबाव था कि भाजपा में आ जाइये। आदिासी का चरित्र है, वो मरना पंसद करेगा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का कसूर इतना था कि नोटिस मिलने पर हाजिर नहीं हुए। उनका यह भी कसूर वह इंडिया गठबंधन के पार्टनर हो गए थे।