दतिया में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता

कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में बड़ी संख्‍या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं।

दतिया में आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में कांग्रेस के दिग्गज नेता जुटे।कमल नाथ सरकार को गिराने पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के प्रति गुस्सा जताने के लिए यह आयोजन किया गया है। शहर के किला चौक पर हो रही इस जन आक्रोश रैली में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, डॉ. गोविंद सिंह, के पी सिंह, अजय सिंह, कमलेश्वर पटेल आदि शामिल होंगे।बड़े नेताओं को मंच पर अाने का इंतजार है। दतिया जिले की भांडेर सीट पर उपचुनाव होना है। महेंद्र सिंह बौद्ध से दावेदारी कर रहे हैं। इसलिए आयोजन की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। उधर भांडेर से विधायक रह चुके फूल सिंह बरैया के बैनर भी समर्थकों ने बड़ी संख्या में लगाए हैं।

कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को स्थानीय नेताओं द्वारा संबोधित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी है परंतु कहीं भी सुरक्षित शारीरिक दूरी और मास्क लगाने के नियम का पालन नजर नहीं अा रहा है। प्रशासन ने दिग्गज नेताओं के विमान को दतिया में उतरने की परमिशन नहीं दी। ऐसे में अब सड़क मार्ग से नेता दतिया पहुंच रहे हैं।दतिया हवाई अड्डे पर पहुंचे गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और कमलेश्वर पटेल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्‍वागत किया।