सोनिया गांधी राहुल के सरकारी बंगले पर पहुंचीं और उनसे मुलाकात की

सूरत कोर्ट जा रहे हैं राहुल गाँधी

नई दिल्ली – लोकसभा से सदस्यता रद्द होने के 11 दिन बाद राहुल गांधी सोमवार को सूरत कोर्ट जा रहे हैं। कुछ देर में वो सूरत के लिए रवाना होंगे। उससे पहले सोनिया गांधी राहुल के सरकारी बंगले पर पहुंचीं और उनसे मुलाकात की। राहुल के साथ प्रियंका गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा लीगल टीम भी सूरत जा रही है।
ज्ञात रहे कि 23 मार्च को सूरत की कोर्ट ने राहुल गांधी को ‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है…’ वाले बयान से जुड़े मानहानि केस में दोषी करार दिया था। उन्हें दो साल की जेल और 15 हजार रुपए जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने राहुल को 30 दिन का समय दिया था जिसमें वो फैसले को चुनौती दे सकते हैं।
24 मार्च को राहुल की लोकसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। इसके बाद कांग्रेस पार्टी संसद के दोनों सदनों और देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी के सूरत पहुंचने के दौरान भी पार्टी यहां शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी के बड़े नेताओं के साथ राज्य के भी नेता-कार्यकर्ताओं का सूरत पहुंचना शुरू हो चुका है।