शहर में धारा 144 फिर भी भाजपाई करने जा रहे थे प्रदर्शन, पुलिस ने लिया हिरासत में

इंदाैर.  चेकअप के बहाने मॉडल के साथ छेड़छाड़ करने वाले डाॅक्टर की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता के प्रदर्शन के पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। अजा मोर्चा के अध्यक्ष राजेश शिरोडकर ने कार्यकर्ताओं सहित उन्हें हिरासत में लेने को पुलिस और कांग्रेस की मिलीभगत करार दिया है। शिरोडकर का आरोप है कि कांग्रेस के एक पदाधिकारी आरोपी डॉक्टर को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं। वे ही पुलिस को उन्हें गिरफ्तार नहीं करने दे रहे हैं।

मॉडल ने लगाया था छेड़छाड़ का आरोप।

शिराेडकर के अनुसार जंजीरवाला चौराहे स्थित मर्म क्लीनिक के डॉ. अमित पोरवाल पर एक मॉडल ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। 29 जून को मॉडल की शिकायत पर महिला थाने पर डॉ. पोरवाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। डॉक्टर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट की शरण ली, जहां से उसकी अग्रिम जमानत खारिज हो गई। इसके बावजूद कांग्रेस के एक पदाधिकारी के दबाव में पुलिस डॉ. पर मेहरबान है। डॉक्टर की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता  आरोपी के क्लिनिक के बाहर प्रदर्शन करने के लिए अपने कार्यालय पर एकत्रित हो रहे थे। प्रदर्शन के पहले ही भंवरकुआ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। शिरोडकर का आरोप है कि कांग्रेस के दबाव में ही कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

धारा 144 लगी हाेने के चलते की कार्रवाई

थाना प्रभारी संजय शुक्ला का कहना है कि तुकोगंज थाना क्षेत्र में कार्यकर्ता प्रदर्शन करने जा रहे थे। शहर में धारा 144 लगी है, ऐसे में तुकोगंज पुलिस के निर्देश और मर्म क्लीनिक पर हंगामा होने की आशंका के चलते कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। वहीं कांग्रेस पदाधिकारी की भूमिका पर टीआई शुक्ला ने कहा कि इसकी जानकारी तुकोगंज पुलिस ही दे सकती है।

यह है मामला
डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली मॉडल युवती के अनुसार वह मूलत: होशंगाबाद की रहने वाली है और इंदौर में रहकर मॉडलिंग करती है। फिगर बेहतर करने के उद्देश्य से वह जंजीरावाला चौराहा स्थित मर्म क्लिनिक पर ब्रेस्ट सर्जरी के लिए 4 जून को पहुंची थी। 5 जून को उसे चेकअप के लिए बुलाया गया, लेकिन जांच के नाम पर डॉक्टर अमित पोरवाल ने अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ की।

डॉक्टर ने उसके टॉपलेस फोटो और वीडियो लिए

युवती का आरोप है कि डॉक्टर ने उसके टॉपलेस फोटो और वीडियो भी लिए। वह उसी दिन तुकोगंज थाने शिकायत करने भी गई, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। महिला अधिकारी नहीं होने का कहकर उसे देर रात तक उसे थाने में बैठाए रखा। फिर बाद में आने का कहकर रवाना कर दिया। युवती का कहना है कि उसके बाद से पुलिस उसके तीन बार बयान दर्ज कर चुकी है, लेकिन डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया।