रात का तापमान बढ़ा, न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर

इंदौर। मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश में 5 दिसंबर से कड़ाके की ठंड की उम्मीद जताई थी, लेकिन शहर में पिछले दो-तीन दिनों से रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आसमान में पिछले दो दिन से बादल भी छाए हुए हैं। इसके चलते रविवार की रात इस माह की अब तक की सबसे गर्म रात रही। वहीं, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 16.8 डिग्री दर्ज किया गया।

शहर में सोमवार सुबह से आसमान में बादल दिखाई दे रहे हैं साथ ही पूर्वी-उत्तर पूर्वी हवाएं 7 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रही है। सुबह के समय धुंध का भी असर रहा और दृश्यता 1500 मीटर तक दर्ज की गई। वहीं, रविवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले तीन से चार दिन बाद शहर में फिर से ठंड का असर दिखाई देगा।

पिछले कुछ दिनों से हवाओं का रुख दिन में कई बार लगातार बदल रहा है। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार को सुबह जहां पूर्वी हवाएं 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली ।वहीं दोपहर में हवाओं का रुख दक्षिणी रहा। इसके बाद रात में उत्तरी हवा चली। यही वजह है कि अभी तापमान में बढ़ोतरी दिखाई दे रही है। अभी सुबह के समय ठंड से राहत मिल रही है, वही हल्की धुंध का असर भी दिखाई दे रहा है। राजधानी भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक़ इस माह के अंत तक अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।