मन की बात की बजाय लोगों के दिल की बात को सुनने के लिये राहुल गांधी ने शुरू की भारत जोड़ो यात्रा: सुरेश पचौरी

आगरमालवा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में शनिवार को 11वां दिन है। यात्रा अभी आगर-मालवा जिले के सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में चल रही है। यात्रा के दौरान एक फार्महाउस पर प्रेस कान्फ्रेंस की गई, जिसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलताएं गिनाईं।

उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर बुरी तरह नाकाम केन्द्र और मध्यप्रदेश सरकार इवेंट मैनेजमेंट के द्वारा अपनी घोर नाकामियों को ढकना चाहती है। पचौरी ने कहा कि इन सरकारों को जगाने के लिये अपने मन की बात की बजाय लोगों के दिल की बात को सुनने के लिये राहुल गांधी ने यह कठोर प्रण लेते हुए भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, जिसकी सफलता किसी से भी छुपी हुई नहीं है।पचौरी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला देश के सामने जो चुनौतियां हैं, समस्याएं हैं, चाहे वह बढ़ती हुई महंगाई हो, बेरोजगारी हो, चाहे बिगड़ती हुई अर्थव्यवस्था हो, दूसरा देश की गंगा-जमुनी तहजीब को जो बिगाड़ा जा रहा है नफरत के जो बीज बोये जा रहे हैं और तीसरा भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और राज्य में सरकार के रहते हुए यह विषम परिस्थितियां निर्मित हुई हैं।

शनिवार को प्रदेश में यात्रा का 11वां दिन है। यात्रा आज आगरमालवा जिले के सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में चल रही है। यात्रा में कम्प्यूटर बाबा भी शामिल हुए। शाम चार बजे से यात्रा सुसनेर स्थित त्रिमूर्ति चौराहे से प्रारंभ हुई जो लालाखेड़ी जोड पर पहुंची, जहां यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। यात्रा रविवार सुबह 6 बजे कैंपस साइट से शुरुआत होते हुए ब्रेक 10 बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकला आगर में करेगी। शाम 7 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव होते हुए रात्रि विश्राम राजस्थान में होगा।