भारत जोड़ो यात्रा को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए, यह एक सामाजिक यात्रा है: नेता प्रतिपक्ष सिंह

भोपाल। मध्य प्रदेश के अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मप्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर गई है। चुनावी दृष्टि से इस यात्रा को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को कितना फायदा मिलेगा, इस पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक और मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को राजनीतिक की बजाय सामाजिक यात्रा बताया है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हर बार सवाल यही आता है कि इस यात्रा से कांग्रेस को कितना फायदा मिलेगा, लेकिन भारत में जिस तरह से बेरोजगारी बढ़ी है, महंगाई लगातार बढ़ रही है, जीएसटी के कारण कई व्यापारियों का काम बंद हो गया। धर्म के नाम पर भाजपा नफरत बांट रही है। इन सब बातों को जानने के लिए राहुल गांधी कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। कन्याकुमारी से यह यात्रा शुरू हुई है और कश्मीर तक पहुंचेगी। इस यात्रा को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए, यह एक सामाजिक यात्रा है।

वहीं चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग द्वारा राहुल गांधी के साथ हिंदू धर्म पर बहस की चुनौती स्वीकार किये जाने पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय नेता है। विश्वास सारंग को पूर्व धर्मस्व मंत्री पीसी शर्मा से हिंदुत्व के बारे में बात करनी चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नायक की भूमिका पर डॉक्टर गोविंद सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि छोटे-छोटे कर्मचारियों पर कार्यवाही कोई कार्यवाही नहीं है। बड़े-बड़े नेता और अधिकारी भ्रष्टाचार कर रहे हैं।