भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में नौवां दिन , आगर मालवा की ओर बढ़ी

उज्जैन। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में गुरुवार को नौवां दिन है और यात्रा का 85वां दिन है। गुरुवार सुबह 6 बजे यात्रा उज्जैन के पास सुरासा से फ्लैग होस्टिंग के बाद शुरू हुई। यात्रा का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग हाथों में गुलाब लिए सड़क किनारे खड़े थे। यात्रा आरडी गार्डी कॉलेज के सामने से आगर मालवा की ओर बढ़ गई।

गुरुवार की सुबह यात्रा में राहुल गांधी के साथ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा का जेथल में पुष्पावर्षा और ढोल नगाड़ों से स्वागत किया गया। निपानिया गोयल में टी ब्रेक हुआ। घट्टिया क्षेत्र से होती हुई यात्रा नजरपुर पहुंचेगी, जहां पर लंच ब्रेक होगा। लंच और विश्राम के बाद यात्रा अपराह्न 3.30 बजे दोबारा शुरू होगी। यात्रा घट्टिया होती हुई घोंसला पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम झलारा ग्राम के सोयाबीन प्लांट में होगा। गुरुवार को यात्रा करीब 21 किमी का सफर तय करेगी। शुक्रवार को यात्रा आगर जिले में प्रवेश कर जाएगी।