भाजपा में सियासी घमासान जारी, भूपेंद्र सिंह के पक्ष में आए सागर सांसद राजबहादुर

सागर महापौर संगीता तिवारी के पति व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुशील तिवारी को नोटिस जारी

भोपाल – भाजपा में चल रहे सियासी घमासान के बीच पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने गुना-शिवपुरी के सांसद केपी यादव को भोपाल तलब करके फटकार लगाई है। साथ ही उन्हें समझाइश दी कि आगे से कोई भी ऐसा बयान सामने नहीं आना चाहिए, जिससे पार्टी की छवि व नेताओं पर कोई असर पड़े। पार्टी दफ्तर पहुंचे केपी यादव को शिवप्रकाश अपने साथ लेकर गए थे।
दूसरी तरफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर पत्र जारी करने और नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने जैसी पोस्ट करने पर सागर महापौर संगीता तिवारी के पति व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुशील तिवारी को नोटिस जारी हुआ।

इसमें तीन दिन की मोहलत दी गई थी, लेकिन नोटिस मिलते ही एक घंटे के भीतर तिवारी ने न केवल माफी मांगी. बल्कि खेद व्यक्त करते हुए कहा कि वे खुद सोशल मीडिया फ्रेंडली नहीं हैं। स्टाफ की गलती से यह पोस्ट हुआ था। उसे नौकरी से हटा दिया गया है। पार्टी ने तिवारी को कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने नोटिस देने और जवाब मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि तिवारी ने माफी मांगी है।

सागर सांसद राजबहादुर ने बिना नाम लिए मंत्री राजपूत के बेटे पर कसा तंज

नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बीच चल रही खींचतान में अब सागर सांसद राजबहादुर सिंह कूद गए हैं। सांसद ने मंत्री राजपूत के बेटे आकाश द्वारा सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट पर कहा कि कुछ लोगों की पार्टी में नई एंट्री हुई है। ये लोग सोशल मीडिया पर कुछ भी लिख रहे हैं। भाजपा की रीति-नीति नहीं जानते। टारगेट करके भाजपा के कुछ नेताओं के विरोध में खड़े हुए हैं।
जिस तरह समय-समय पर हमें पार्टी से ट्रेनिंग मिली है, ऐसे ही वरिष्ठ नेताओं से नई एंट्री वालों की भी ट्रेनिंग होनी चाहिए। राजबहादुर सिंह को मंत्री भूपेंद्र सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है। दरअसल, एक दिन पहले ही आकाश ने भूपेंद्र सिंह की खुरई सीट को लेकर कहा था कि ‘अच्छा है हम खुरई में नहीं हैं, वरना बात करने पर ही जेल चले जाते। क्यों भाई साधु जी..।’