बैतूल जिले में बोरवेल के 50 फीट गहरे गड्ढे में फंसा छह साल का बच्चा, रेस्क्यू शुरू

भोपाल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में आठनेर विकासखंड अंतर्गत ग्राम मांडवी में मंगलवार शाम को 6 साल का बच्चा खेलते-खेलते बोरवेल के खुले गड्ढे में गिर गया। 400 फीट गहरे बोरवेल में यह बच्चा गड्ढे में 50 फीट गहराई में फंसा हुआ है। राहत एवं बचाव दल ने बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया है।

ग्राम मांडवी में स्थानीय निवासी सुनील साहू का छह साल का बालक तन्मय मंगलवार शाम करीब पांच बजे खेत में खेल रहा था। इसी दौरान वह करीब खुले बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह बोरवेल 400 फीट गहरा है, जिसमें बच्चा 50 फीट की गहराई में फंसा है। बैतूल और आठनेर से पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हो गई है। तहसीलदार भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस और पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद मौके के लिए रवाना हो गए हैं।बताया गया है कि यह बोरवेल तीन दिन पहले ही खोदा गया था। ग्रामीणों के अनुसार बच्चे की बोरवेल से आवाज बाहर सुनाई दे रही है। आठनेर थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि तन्मय बोरवेल में करीब 50 से 55 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। मौके पर बुजडोजर और पोकलेन मशीन बुलाई जा रही हैं।