नशे में हुआ विवाद, दोस्तों ने कर दी पार्षद की हत्या

ग्वालियर। शहर के मुरार इलाके में एक पार्षद की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पार्षद बुधवार की रात जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंचा था, इसी दौरान नशे में उसके दोस्तों से विवाद हो गया और उसके दोस्तों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। मृतक के स्वजनों ने पांच दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर गुरुवार सुबह मुरार थाने के सामने चक्काजाम कर दिया।

मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि मुरार कैंटोनमेंट एरिया के वार्ड से पार्षद शैलेंद्र उर्फ शैलू कुशवाह बीती रात एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। इस पार्टी में शामिल भूरा तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत सहित पांच लोगों के साथ उन्होंने शराब पी। इसके बाद आपस में विवाद हो गया तो दोस्तों ने पार्षद शैलेंद्र उर्फ शैलू को पीटना शुरू कर दिया। उस पर लाठी और डंडों से वार किया। दोस्त उसे तब तक पीटते रहे जब तक वह लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर पड़ा। इसी दौरान पार्षद शैलेंद्र कुशवाहा की मौत हो गई। उसे अस्पताल भी ले जाया गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पार्षद के पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह स्वजनों ने मुरार इलाके में चक्का जाम कर दिया। स्वजनों का कहना है कि तत्काल आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके मकान पर बुलडोजर चलाया जाए। पुलिस ने 5 आरोपितों में से विक्की कौशल को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।