नए साल के जश्न के समय खुशनुमा रहेगा प्रदेश का मौसम

भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार न्यू ईयर का जश्न पर न तो कोरोना संकट जैसी पाबंदियां रहने वाली हैं और न ही मौसम ज्यादा कूल होने वाला है। ठंड का एहसास तो होगा, लेकिन यह जश्न में रुकावट नहीं डालेगी। मौसम विभाग की मानें तो सबसे ठंडा ग्वालियर रहेगा, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक आ सकता है। पिछले साल यहां न्यू ईयर पर रात का पारा आठ डिग्री सेल्सियस से नीचे तक आ गया था।31 दिसम्बर की रात्रि को भोपाल-इंदौर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है, तो हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम पारा 15 डिग्री तक रह सकता है। ओंकारेश्वर में रात का तापमान सबसे ज्यादा 17 डिग्री तक रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक मध्यप्रदेश में तापमान में उतार चढ़ाव होता रहेगा। रात के तापमान में बदलाव होने की ज्यादा संभावना नहीं है। अभी तापमान 30 डिग्री के नीचे ही बना रहेगा। हालांकि इंदौर और भोपाल में दिन का पारा चढ़कर 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में यह 12 डिग्री के आसपास बना रहेगा। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में दिन और रात के तापमान में बहुत वृद्धि होने की संभावना नहीं है।

10 डिग्री से ऊपर जा सकता है रात का तापमान

उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश के कई इलाकों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया था, लेकिन अगले दो दिन तक रात का पारा 10 डिग्री या इससे ऊपर जा सकता है। कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। 29 दिसंबर को जो सिस्टम सक्रिय हुआ है, उसका असर 31 दिसंबर तक रहेगा। इसके बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेश भर में ठंड अपना जोर दिखाने लगेगी। अब तक बहुत ज्यादा स्ट्रांग सिस्टम नहीं बनने के कारण ठंड का असर कम रहा है। आने वाले समय में नए सिस्टम बनने की संभावना बनने लगी है।