देश में बढ़ती आर्थिक असमानता के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार : खड़गे

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में देश में आर्थिक असमानता बढ़ी है।

खड़गे ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि भाजपा ने आर्थिक असमानता की खाई को इतना गहरा कर दिया है कि देश का आम इंसान उसमें धंसता जा रहा है। भारत में सबसे अमीर एक फीसदी लोगों के पास देश की कुल संपत्ति का 40 फीसदी से अधिक हिस्सा है। वहीं आधी आबादी के पास सिर्फ तीन फीसदी ही हिस्सा बचा है। उन्होंने कहा कांग्रेस देश में बढ़ रही आर्थिक असमानता के खिलाफ है। भारत जोड़ो यात्रा आर्थिक असमानता की खाई को भरने का आंदोलन है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को ट्वीट कर देश में डबल इंजन की सरकार को फेल करार दिया था। उन्होंने कहा था कि गुजरात में हर दिन 9 और देश में 115 दिहाड़ी मजदूर आत्महत्या कर रहे हैं।