दिग्विजय सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांगा इस्तीफा, केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

यदि रेल मंत्री में थोड़ी सी भी शर्म है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए – दिग्विजय

छतरपुर – मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे पर दुःख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजली दी है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। कांग्रेस नेता ने हादसे को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाये और रेल मंत्री से इस्तीफा देने की मांग की।
छतरपुर जिले के चंदला में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि रेल मंत्री कहते हैं कि हमारा पूरा सिस्टम फुल प्रूफ है उसके बावजूद भी ऐसे हादसे हो रहे हैं, दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत का इतिहास रहा है कि हमारे यहां पहले भी रेल मंत्री ने हादसे पर इस्तीफा दिया है, यदि रेल मंत्री में थोड़ी सी भी शर्म है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में दूसरे दल से आने वाले नेताओं की एंट्री के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोई टिकट की कंडीशन पर आना चाहेगा तो ये कंडीशन कांग्रेस नहीं करती, आपको आना है तो आस्था से आओ विचारधारा से जुडो टिकट मिले तो चुनाव लड़ो, उन्होंने स्थानीय प्रत्याशी की मांग पर कहा कि इस पर भी विचार किया जायेगा।
बता दें कि छतरपुर जिले के चंदला पहुंचे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ओड़ीसा में हुए रेल हादसे को लेकर दुख व्यक्त करते हुए रेल मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि रेल मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए इसके अलावा दिग्गी राजा ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने पूर्व मंत्री हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में आए दीपक जोशी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि एक समय में शिवराज सिंह चौहान के पास उनके घर से खाना जाता था और आज उनके पास साढ़े नौ करोड़ की संपत्ति है।
सीएम के लिए उन्होंने बार-बार मामू शब्द का इस्तेमाल भी किया, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद बीडी शर्मा और मध्यप्रदेश के खनिज मंत्री बृजेंद्र सिंह पर हमला बोलते हुए उन्होंने इन दोनों को खनिज माफिया करार दिया इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि यहां हर जिले की सीएनएफ एजेंसी सांसद बी डी शर्मा ने दे रखी है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह छतरपुर जिले के चंदला में कांग्रेस के मंडलम और सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने आए थे, जिसमें छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी, राजनगर विधायक विक्रम सिंह और महाराजपुर विधायक नीरज दीक्षित व कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।