टंट्या भील के बलिदान दिवस पर कांग्रेसजनों ने किया उनका पुण्य स्मरण

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभाकक्ष में आज कांग्रेसजनों ने आज आदिवासी नेता टंट्या भील के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।


आजाद की लड़ाई में अपनी कुर्बानी देने वाले आदिवासी नेता टंट्या भील समाज में फैली कुरीतियों से मुक्ति दिलाने के लिए हमेशा संघर्षरत रहे, उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीति और अत्याचार का साहस के साथ मुकाबला किया। वे गरीब-आदिवासी वर्ग के हित के लिए हमेशा लड़ाई लड़ते रहे। कहा जाता है कि वे डॉका डालते थे, लेकिन जो संपत्ति वे लूटते थे, वह पूरी की पूरी गरीबों में बाटकर उनकी तकलीफों को दूर करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहे। टंट्या भील देश के बहुत बड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में जाने जाते हैं।

आदिवासी समाज के हित के लिए उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के समय अंग्रेजों की अनेकों यातनाएं सही, अंत में अंग्रेजों की गिरफ्त में आ गये और अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें फासी देकर उनका जीवन समाप्त कर दिया। आदिवासी नेता टंट्या भील की तरह देश में समर्पण की भावना होना बेहद जरूरी है। उक्त उद्गार आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित आदिवासी नेता टंट्या भील के बलिदान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने टंट्या भील को श्रद्धांजलि देते हुए व्यक्त किये। श्री शेखर ने अभा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस की ओर से आदिवासी नेता टंट्या भील को श्रद्धासुमन अर्पित किये।


प्रदेश कांग्रेस आदिवासी विभाग के महामंत्री प्रकाश ठाकुर ने कहा कि टंट्या भील ने आदिवासी समाज को एक नई दिशा और दशा प्रदान की। आदिवासी वर्ग ऐसे महान बलिदानी नेता को याद कर हुए हमेशा गौरवान्वित रहेगा। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की सत्ता में बैठे लोगों द्वारा आदिवासी वर्ग में नफरत की भावना पैदा की जा रही है, जिससे हम सभी को सावधान रहने की आवश्यकता है।


प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता और कार्यक्रम समन्वयक आनंद तारण ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अपने विचार व्यक्त किये। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद दो मिनिट का मौन रखा गया।


उक्त कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारीगण श्रीमती आभा सिंह, चंद्रा सर्वटे, आशा धुर्वे, कांता मंडावी, रेवा सिंह, नीरज, सूरज ठाकुर, अभय कुबरे, मुजफ्फर अली सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।