जनाहा गांव से रवाना हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, आगर-मालवा जिले में पहुंची

आगर मालवा। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 10वां दिन है। शुक्रवार सुबह 6 बजे यात्रा जनाहा गांव स्थित स्कॉयलार्क प्रोटीन फैक्ट्री परिसर से रवाना हुई। यात्रा में राहुल गांधी के साथ मीनाक्षी नटराजन, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनकी पत्नी अमृता सिंह और विधायक जयवर्धन भी चल रहे हैं। यात्रा 86वें दिन आगर-मालवा जिले में पहुंच गई है। सुबह 10 बजे टी ब्रेक आगर मालवा जिले के तनोदिया गांव में हुआ।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सबसे लंबी दूरी आगर मालवा जिले में ही तय करेगी। यहां यात्रा 3 दिन और दो रात रुक कर जिले में 97 किलोमीटर की यात्रा करेगी। यानी प्रदेश में कुल यात्रा की 25 प्रतिशत दूरी इसी जिले में होगी। यहां से यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। आगर मालवा जिले में यात्रा के दौरान राहुल गांधी बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर और नलखेड़ा मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने जा सकते हैं। यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले में प्रवेश स्थल से लेकर अंतिम छोर तक फ्लैक्स, बैनर, पोस्टर लगा रखे हैं। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस, प्रशासन द्वारा भी तैयारी की है। यात्रा की सुरक्षा के लिए करीब दो हजार पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया गया है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।