गोडसे गांधी जी के हत्यारे हैं तो वे भारत के सपूत भी हैं – गिरीराज सिंह

छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई है, यहां पर धर्मांतरण को बढ़ावा मिला – गिरीराज

दंतेवाड़ा – छत्तीसगढ़ पहुंचे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा है कि नाथूराम गोडसे भारत के सपूत थे। सिंह ने कहा-गोडसे गांधी जी के हत्यारे हैं तो वे भारत के सपूत भी हैं। उनका जन्म भारत में ही हुआ था। औरंगजेब और बाबर की तरह नहीं थे। जिसको बाबर के बच्चे कहलाने में खुशी महसूस होती है, वे भारत माता के सही सपूत नहीं हो सकते।
गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भी कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई है, यहां पर धर्मांतरण को बढ़ावा मिला है। बहुत से चर्च बने हैं। सनातन धर्म को पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है।
गिरिराज सिंह ने दावा किया है कि यदि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आती है तो धर्मांतरण के लिए कड़े कानून बनाए जाएंगे, यदि कानून के दायरे में रहकर कोई धर्म परिवर्तन करना चाहता है तो करे, लेकिन प्रलोभन देकर या जोर जबरदस्ती कर धर्मांतरण करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आतंक फैला रही है। साथ ही लोगों को धर्मांतरण के लिए मजबूर कर रही है।

कांग्रेस बोली-राष्ट्रपिता का अपमान

उधर, गिरिराज सिंह के गोडसे को लेकर दिए गए बयान के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि गोड़से का महिमामंडन करके गिरिराज सिंह ने महात्मा गांधी का अपमान किया है। गोडसे आजाद भारत का पहला आतंकवादी था। उसने गांधी जी की हत्या की थी।
शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेताओं ने कभी न कभी गोडसे की तारीफ की है, चाहे वो छोटा नेता हो या बड़ा नेता। ये भारत की जनता का अपमान है। कांग्रेस सवाल करती है कि भाजपा अपने नेता के इस बयान से कितनी सहमत है। इनका गोडसेवादी प्रेम गिरिराज के बयान से सामने आया है।