खरगोन के खेरदा गांव से शुरू हुई राहुल की यात्रा, यात्रियों-सुरक्षाकर्मियों में धक्कामुक्की

भोपाल/खरगोन। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज तीसरा दिन है। शुक्रवार सुबह 6 बजे यात्रा खरगोन जिले के खेरदा गांव से शुरू हुई। यहां से यात्रा खरगोन पहुंचेगी। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा दिग्विजय सिंह समेत मप्र कांग्रेस के सभी बड़े नेता चल रहे हैं। सभी लोग सुबह टी-ब्रेक लिए बिना ही यात्रा के लिए आगे बढ़ गए। यात्रा का मॉर्निंग ब्रेक सुबह 10.30 बजे भानबरड़ में होगा। यहां से यात्रा बड़वाह विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी शाम को ओंकारेश्वर में दर्शन करेंगे। इसके बाद उनका नर्मदा पूजन का कार्यक्रम है। आज राहुल 23 किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार सुबह 6 बजे यात्रा शुरू होने के बाद 7 बजे तक 5 किलोमीटर आगे बढ़ चुकी थी। राहुल ने सुबह 7.50 पर धनगांव में रुककर टी-ब्रेक लिया। वे यहां करीब आधे घंटे रुके। सुबह 9 बजे तक राहुल की यात्रा 7 किलोमीटर आगे बढ़ चुकी थी। यात्रा के टी-ब्रेक के बाद बेड़ियाव खुर्द पंचायत से आगे यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों में विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। ये विवाद राहुल से मिलने को लेकर हुआ। यात्रा के दौरान ही खेत में अचानक पैरामोटर गिर पड़ा। जिससे अफरातफरी मच बच गई। दरअसल, खरगोन पुलिस को बगैर बताए यात्रा के समर्थन में पैरामोटरिंग की जा रही थी। यात्रा शुरू होने के 4 किलोमीटर बाद पैरामोटर देख पुलिस ने उड़ान रुकवा दी। कुल 2 पैरामोटर उड़ने थे। एक यात्रा के ऊपर उड़ रहा था। दूसरा अचानक उड़ते ही खेत में गिर गया। इस पर पुलिस ने तुरंत रोक लगाई।