उज्जैन जिले में पहुंची भारत जोड़ो यात्रा, राहुल गांधी करेंगे महाकाल के दर्शन

उज्जैन। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज मध्यप्रदेश में सातवां दिन है। मंगलवार की सुबह यात्रा सांवेर से शुरू हुई। यात्रा अब उज्जैन जिले में प्रवेश कर चुकी है। उज्जैन में राहुल गांधी दोपहर बाद बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। साथ ही बड़ी सभा को भी संबोधित करेंगे। इसे लेकर उज्जैन में सारी तैयारियां कर ली गई हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सांवेर में यात्रा की शुरुआत के समय बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और आम लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। यात्रा यथार्थ फ्यूचरिस्टिक स्कूल निनोरा में मॉर्निंग ब्रेक के लिए रुकेगी। बताया जा रहा है कि रास्ते में राहुल बड़े जिनालय भी जाएंगे। सांवेर से निकलने के बाद राहुल गांधी ने निनोरा में बलराम जाट ढाबे पर टी ब्रेक लिया।

भारत जोड़ो यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त

भारत जोड़ो यात्रियों की एक कार सोमवार देर रात सांवेर से निनोरा के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार छत्तीसगढ़ पासिंग है। इस पर यात्रा के झंडे लगे हैं। कार किसकी है और कौन चला रहा था अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। कार की स्थिति देखकर लगता है कि उसे किसी अन्य वाहन ने टक्कर मारी है।